पर्यावरण के प्रति सक्रिय सजगता बेहद जरूरी: बोहरा सांसियों का तला में नेम वाटिका का हुआ लोकार्पण, भामाशाह परिवार ने लगाएं पौधे। ...
पर्यावरण के प्रति सक्रिय सजगता बेहद जरूरी: बोहरा
सांसियों का तला में नेम वाटिका का हुआ लोकार्पण, भामाशाह परिवार ने लगाएं पौधे।
बाड़मेर। जिला मुख्यालय से महज 6 किलोमीटर दूर अहमदाबाद रोड़ पर स्थित राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय सांसियों का तला में संस्था प्रधान मुकेश बोहरा अमन की प्रेरणा से भामाशाह दिनेश बोहरा ने अपने पिता की चिर-स्मृति में विद्यालय में निर्मित मनोरम व बहुत सुन्दर नेम वाटिका का लोकार्पण कार्यक्रम शुक्रवार को पर्यावरण दिवस के अवसर पर सम्पन्न हुआ।
पर्यावरण दिवस पर शुक्रवार को राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय सांसियों का तला में नेम वाटिका के लोकार्पण का आयोजन हुआ। जिस कड़ी में नेम वाटिका के भामाशाह दिनेश बोहरा पुत्र नेमीचंद बोहरा परिवार ने वाटिका में आम का पौधा लगाकर नेम वाटिका का लोकार्पण किया। इस क्रम में विद्यालय परिवार की ओर से भामाशाह दिनेश बोहरा का माल्यार्पण कर अभिनन्दन किया गया। नेम वाटिका में आम, मौसमी, निम्बू, नारियल, चीकू, जामून आदि के अलग-अलग किस्म के फलों के पौधे लगाए गए है।
विद्यालय के संस्था प्रधान एवं पर्यावरण कार्यकर्ता मुकेश बोहरा अमन ने बताया कि सांसियों का तला में पिछले दो-तीन वर्षाें से भामाशाहों के अपार सहयोग से कई कार्य सम्भव हो पाएं है। अमन ने कहा कि पर्यावरण के प्रति सक्रिय सजगता बहुत ही जरूरी है। हमारी सक्रियता से ही पर्यावरण संरक्षण के स्थायी कार्य सम्भव हो सकेंगें। अमन के मुताबिक पर्यावरण में पौधों की विशेष भूमिका है। पौधे पर्यावरण के अन्य घटकों को सन्तुलित व नियंत्रित करते है।
भामाशाह दिनेश बोहरा ने कहा कि वर्तमान के दौर में पेड़-पौधे लगाने से बेहतर सेवा-कार्य कुछ भी नही है। हमें आगे आकर परिवेश में अधिक से अधिक पौधे लगाने की आवश्यकता है। उन्होंनें कहा कि हमारा सौभाग्य है कि हमें सरस्वती के प्रांगण में वाटिका लगाने का अवसर प्राप्त हुआ।
विद्यालय में नेम वाटिका के लोकार्पण पर सुरेश बोथरा, बाबुलाल गांधी, वार्ड पार्षद दिनेश भंसाली, जोगेन्द्र वडेरा, रमेश बोहरा, हितेष जैन, संजय संखलेचा, प्रवीण जैन, हिमांशु बोहरा, दिनेश बोहरा, सम्पतराज बोथरा, रहीम खिलजी, मोहम्मद खान, अशोक खान, हाथी सिसोदिया, चम्पा सिसोदिया, गंगा, आरती आदि उपस्थित रहे। सभी ने सोशियल डिस्टेन्स का पालन करते हुए मास्क का उपयोग किया।
अमन का सपना हुआ साकार, विद्यालय में लहराई हरियाली:
राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय सांसियों का तला में एक समय था जब विद्यालय में मात्र दो खेजड़ी के सिवाय कोई पौधा नही था। जिस पर मुकेश बोहरा अमन ने विद्यालय को हरा-भरा बनाने का सपना देखा और सपने को साकार करने में जुट गए। जिसका परिणाम यह रहा कि कम ही समय में भामाशाहों मदद के साथ स्टाफ और अन्य साथियों के सहयोग से आज विद्यालय पेड़-पौधों से भर गया है। इस समय विद्यालय में दो सुन्दर वाटिकाएं बनकर तैयार होे गई है। जिसमें तकरीबन 110 फल, फूलों, फलों व छाया वाले पौधे लगे हुए। जिसके चलते हुए पूरा विद्यालय हरा-भरा नजर आता है। और पूरा विद्यालय हरियाली से लहलहा उठा है। अमन का कहना है कि आज उनका सपना पूरा हो गया। अब वे चाहते है कि यह विद्यालय आदर्श व उत्कृष्ट विद्यालय बने। जहां बेहतरीन शैक्षिक व सह-शैक्षिक गतिविधियां आयोजित हो।
कोई टिप्पणी नहीं