गुजरात चुनाव-2022- गुजरात से लगते हुए राज्य के सीमावर्ती जिलों में सूखा दिवस घोषित। जयपुर, 18 नवम्बर। राज्य सरकार ने एक आदेश जारी कर गुजरात ...
गुजरात चुनाव-2022- गुजरात से लगते हुए राज्य के सीमावर्ती जिलों में सूखा दिवस घोषित।
जयपुर, 18 नवम्बर। राज्य सरकार ने एक आदेश जारी कर गुजरात राज्य में विधानसभा आम चुनाव-2022 के मध्य नजर गुजरात राज्य से लगते हुए राज्य के सीमावर्ती जिलों में मतदान एवं मतगणना दिवसों के दौरान 48 घंटे पूर्व से सूखा दिवस घोषित किया गया है।
इस संबंध में संयुक्त शासन सचिव वित्त (आबकारी) विभाग श्री जसवंत सिंह की ओर से जारी आदेशानुसार गुजरात राज्य में विधानसभा आम चुनाव फेज प्रथम में एक दिसंबर एवं फेज द्वितीय में 5 दिसंबर को मतदान कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि फेज प्रथम में गुजरात राज्य के कच्छ जिले में चुनाव होने के कारण इस जिले की सीमाओं से लगते हुए राज्य के सीमावर्ती जिला बाड़मेर में सूखा दिवस घोषित किया गया है।
इसी तरह फेज द्वितीय के दौरान गुजरात राज्य के बनासकांठा, साबरकांठा, अरावली, दाहोद एवं महीसागर जिलों में आम चुनाव होने के कारण इन जिलों की सीमाओं से लगते हुए राज्य के सीमावर्ती जिलों जालौर, सिरोही, उदयपुर, डूंगरपुर, एवं बांसवाड़ा में सूखा दिवस घोषित किया गया है।
इन जिलों की सीमाओं के तीन किमी. परिधीय क्षेत्र में मतदान समाप्ति के 48 घंटे पूर्व से अर्थात फेज प्रथम के लिए 29 नवंबर 2022 को सायंकाल 5 बजे से 1 दिसंबर 2022 को सायंकाल 5 बजे तक सूखा दिवस घोषित किया गया है।
उन्होंने बताया कि फेज द्वितीय के लिए 3 दिसंबर 2022 को सायंकाल 5 बजे से 5 दिसंबर 2022 को सायंकाल 5 बजे मतदान समाप्ति तक तथा मतगणना दिवस 8 दिसंबर 2022 को सूखा दिवस घोषित किया गया है। इन क्षेत्रों में पुनर्मतदान होने की स्थिति में पुनर्मतदान दिवस को भी सूखा दिवस घोषित रहेगा।
कोई टिप्पणी नहीं