जयपुर। राजस्थान लोक सेवा आयोग के तत्वावधान में रविवार को सहायक आचार्य होम साइंस, लाइब्रेरियन और पीटीआई (कॉलेज शिक्षा विभाग) परीक्षा-2023 का आयोजन होगा।
सचिव रामनिवास मेहता ने बताया कि दोपहर 12 से 2 बजे तक राजस्थान का सामान्य ज्ञान प्रश्न-पत्र की परीक्षा कराई जाएगी।
परीक्षा अजमेर, भरतपुर, बीकानेर, जयपुर, जोधपुर कोटा व उदयपुर जिला मुख्यालय पर होगी। अजमेर में सुबह 11 से 2 बजे इंटरनेट बंद रहेगा।
अभ्यर्थियों को ओएमआर शीट में चार विकल्पों में से सही उत्तर नहीं देने की स्थिति में पांचवां विकल्प भरना अनिवार्य होगा। इसके लिए परीक्षा में दस मिनट अतिरिक्त मिलेंगे। RPSCने सातों संभाग मुख्यालयों में जिला कलक्टर और एसपी को पेपर सुरक्षा के निर्देश दिए हैं।
केंद्र और अभ्यर्थी :-
- अजमेर-78 : 25 हजार 945
- भरतपुर-66 : 18 हजार 300
- बीकानेर-55 : 18 हजार 504
- जयपुर-180 : 64 हजार 218
- जोधपुर-78 : 24 हजार 552
- कोटा-64 : 21 हजार 168
- उदयपुर-81 : 25 हजार 272
- कोटा-64 : 21 हजार 168
छाया था पेपर लीक मामला :-
कांग्रेस राज में करीब 18 परीक्षाओं के पेपर लीक हुए थे। भाजपा ने विधानसभा चुनाव सहित पिछले पांच साल जोर-शोर से इसे मुद्दा बनाया। RPSC सहित जयपुर और अन्य शहरों में प्रदर्शन किए। पूर्ववर्ती अशोक गहलोत सरकार को घेरा गया। अब राज्य में भाजपा सत्तारूढ़ हो चुकी है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने पेपर लीक मामलों की रोकथाम और जांच के लिए एसआईटी का गठन किया है। लिहाजा भाजपा सरकार और RPSC के लिए साल 2024 में यह परीक्षा अहम है।
RPSC के आस-पास धारा 144 लागू :-
राजस्थान लोक सेवा आयोग से 300 मीटर दूरी तक धारा 144 लागू की गई है। जिला कलक्टर डॉ. भारती दीक्षित ने बताया कि राजस्थान लोक सेवा आयोग एक संवैधानिक संस्था है। इसके 300 परिधि क्षेत्र में धरना प्रदर्शन, ध्वनि विस्तारक यंत्रों के प्रयोग पर रोक रहेगी। प्रतिबन्धित क्षेत्र में पांच या इससे अधिक व्यक्ति एकत्रित होकर रोड जाम, धरना, प्रदर्शन, नारेबाजी नहीं कर सकेंगे।
0 Comments